Tuesday, November 24, 2026
News:

दीपावली के पर्व पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं माध्यमिक शाला नेगवा के शिक्षकों ने सेवा

टैलेंट इंडिया न्यूज़ 24 चीफ एडिटर हसन रशीद

कटनी। दीपावली के पर्व पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं माध्यमिक शाला नेगवा के शिक्षकों ने सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए जंगलों के बीच बसे आदिवासी अंचल के करीब 200 बच्चों को पूजन सामग्री, मिठाई, फूलझड़ी, पटाखे और खाद्य सामग्री वितरित की। वहीं, सर्दी को देखते हुए 40 जरूरतमंद बच्चों को गर्म स्वेटर भी भेंट किए गए।
रीठी विकासखंड मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित नेगवा के आदिवासी क्षेत्र में आर्थिक अभावों के बीच जीवन यापन करने वाले परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षकों की यह पहल दीपावली की खुशियां लेकर आई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी छा गई। विद्यालय परिवार ने इस पहल के माध्यम से बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के साथ उन्हें शिक्षा से जोड़ने का संदेश भी दिया।
शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना उद्देश्य
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य विपिन तिवारी ने सहयोगी शिक्षकों, अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सहयोगियों के साथ मिलकर यह पहल की। उन्होंने कहा कि बच्चों को सामग्री वितरित करने का उद्देश्य उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित करना है। शिक्षा के माध्यम से ही बच्चे जीवन की कठिन परिस्थितियों को बदल सकते हैं और अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
40 जरूरतमंद बच्चों को बांटे स्वेटर
दीपावली के अवसर पर विद्यालय परिवार ने विशेष रूप से उन बच्चों का ध्यान रखा, जिनके माता-पिता नहीं हैं या जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवारों से आते हैं। सर्दी की शुरुआत को देखते हुए ऐसे करीब 40 बच्चों को गर्म स्वेटर वितरित किए गए। इस पहल ने यह संदेश दिया कि शिक्षकों का दायित्व केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
हर साल करते हैं नवाचार
नेगवा के वनांचल क्षेत्र में विद्यालय परिवार की ओर से प्रतिवर्ष बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न नवाचार किए जाते हैं। शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से किए जा रहे इन प्रयासों में शिक्षा के साथ सेवा, संवेदना और संस्कारों को भी प्राथमिकता दी जाती है।
इस अवसर पर जयप्रकाश पटेल, जयप्रकाश तिवारी, शिवाकांत मिश्रा, रामकेत द्विवेदी, संतोष चौधरी, मोनू विश्वकर्मा, कृष्णकांत पटेल, तिलक सिंह वर्मा, प्रीति विश्वकर्मा, आरती पटेल, मालती कुशवाहा, अनिल यादव, धर्मेंद्र सिंह, संजय श्रीवास्तव और पवन दुबे सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की इस पहल ने जंगलों के बीच बसे आदिवासी गांवों में दीपावली की खुशियां बांटने के साथ बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Hasan Rashid

Hasan Rashid

Designation: CHIEF EDITOR

Work Area: India (Madhya Pradesh)

Mobile: +91 74892 27638

Email: rashid26hasan@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

💬 WhatsApp